Followers

Monday, April 23, 2018

मालवीयन पारिवारिक मिलन - प्रथम भाग

तप से जीवन, जीवन में कर्म, कर्म से पुरुषार्थ, पुरुषार्थ से सेवा तथा सेवा में आनन्द| यदि इसके सजीव स्वरुप को एक सम्पूर्ण समाज के रूप में देखना हो तो मालवीयन जगत के अतिरिक्त दूसरा विकल्प नहीं हो सकता | इसे दिनांक 22 अप्रैल 2018 को दिल्ली में आयोजित मालवीयन पारिवारिक मिलन के दौरान मैंने प्रत्यक्ष अनुभव किया| 1971 से लेकर 2018 तक के  पुरातन विद्यार्थियों का यह महामिलन कई मायनों में अद्भुत था| इनमे से कई ऐसी महान विभूतियाँ सम्मिलित रहीं जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर पर देश का मान-सम्मान बढ़ाया है जिनकी परछाइयाँ मात्र ही अनगिनत परिवारों को विभिन्न माध्यमों से जीवन की लौ देने का कार्य कर रही हैं चाहे वह रोजगार के माध्यम से हो या सेवा के माध्यम से|
आज के दौर में जहाँ दिखावे में मनुष्य अपना मौलिक स्वरुप ही खोता जा रहा है, वहाँ शीर्ष पर बैठे व्यक्तियों की सहजता एवं सरलता आश्चर्यचकित करने वाली है| आदरणीय ए. पी. मिश्रा सर, वी. सी. सर, श्री गोपाल मिश्रा सर, श्री धर्मेन्द्र श्रीवास्तव सर, श्री नितेश गौतम जी, हिमांशु मिश्रा सर, प्रतीक राजवंशी सर, श्री राजेश श्रीवास्तव सर, श्री अखिलेश सर जैसी अनेक विभूतियाँ वहाँ उपस्थित थीं, जिनको देखकर लगता ही नहीं कि हम कलयुग में जी रहे हैं| परमात्मा भी प्रत्येक दौर में सन्तुलन बनाकर रखता है, ठीक उसी प्रकार जहाँ व्यक्ति ह्रदय में नफरत लिए एक आभासी दौर में प्रतिदिन जीवन के साथ संघर्ष कर रहा है वहीँ मालवीया एक ऐसा उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है जिसकी आज के समाज को सर्वाधिक आवश्यकता है|  दिनकर जी की पंक्तियाँ याद आती हैं -
"पग पग पर हिंसा की ज्वाला, चारों ओर गरल है ।
मन को बांध शांति का पालन, करना नहीं सरल है ।
तब भी जो नरवीर असिव्रत दारुण पाल सकेंगे ।
वसुधा को विष के विवर्त से वही निकाल सकेंगे ॥"
आज हमारा देश अत्यन्त विषम परिस्थितियों के दौर से गुजर रहा है जिसमे विभिन्न दीवारें खड़ी हो गयी हैं जहाँ नहीं हैं वहाँ भी बांटने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा हैं | इन विषम परिस्थितियों में प्रेम के मौलिक स्वरुप पर अनेक आवरण एवं भ्रामक परिभाषाये गढ़ दी गई हैं किन्तु अत्यन्त गर्व से यह बात कहता हूँ कि मैं उस मालवीयन परिवार का हिस्सा हूँ जहाँ प्रत्येक सदस्य की आँखों में इन परिभाषाओं के आर-पार देखने की क्षमता है तथा वैश्विक पटल पर हम एक परिवार के रूप में सुन्दर एकीकृत समाज की रचना के अग्रणी हो सकते हैं|
कल इस पारिवारिक मिलन में मेरी प्रथम उपस्थिति थी, और वहाँ पहला कदम रखते ही मुझे यह भान हो गया था, कि लगभग तेरह वर्षों से मैं इन अमृत की बूंदों से कितना दूर था| इस कई अग्रजों, अनुजों से गले मिलने का सुख प्राप्त हुआ और असीम आनन्द की प्राप्ति हुई |
आपसे बहुत सी बातें और करनी हैं किन्तु यह लेख लम्बा हो गया है तथा समय का बढ़ता काँटा ऑफिस जाने का इशारा कर रहा है| कल मै वहाँ के कुछ अनुभव भी साझा करूँगा|

- दीपक श्रीवास्तव

Sunday, April 22, 2018

जैसे चुनरिया लहरे धानी - भारतीय किसान

आज आपके सामने एक बहुत पुराना आंचलिक गीत प्रस्तुत है जो भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण कड़ी भारतीय किसान के जीवन का सजीव दृश्य प्रस्तुत करता है ।  गीत के रचनाकार का नाम तो नहीं पता किंतु लोकभाषा में रचित यह गीत जन जन के मन का संगीत है ।  इसे एक कार्यक्रम के दौरान मैंने लाइव प्रस्तुत किया है ।

https://youtu.be/3KWem0rwtx4

- दीपक श्रीवास्तव 

Monday, April 9, 2018

--- क्या भूलूँ क्या याद करूँ ---

 डा. हरिवंश राय बच्चन जी की यह कालजयी कृति प्रस्तुत है ।  इस गीत की संगीत रचना में मैंने चंचल प्रकृति के राग खमाज की हल्की सी छाया का प्रयोग किया है ।  इसे सुनें और अपने हृदय में महसूस करें ।

- दीपक श्रीवास्तव

https://youtu.be/HDexlSCZkg8

Thursday, April 5, 2018

--- बुद्धिजीवी या अधजल गगरी ---

आपकी दृष्टि में बुद्धिजीवी वर्ग में कौन आते हैं ।  मैंने अपने अनुभव से यही समझा है कि जो अपने अधकचरे ज्ञान के बलबूते पर स्वयं को सबसे बेहतर सिद्ध करने का प्रयास करे वही आज के दौर का तथाकथित बुद्धिजीवी है । 

यदि आज यदि हम सभ्यता एवं संस्कृति से निरन्तर दूर होते जा रहे हैं तो उसके पीछे इन तथाकथित बुद्धिजीवियो के योगदान को नकारा नहीं जा सकता ।  ये उसी वर्ग से हैं जो राम, कृष्ण, शिव जैसे संस्कृति के आधारस्तम्भों पर शायद पूरे दिन बहस कर सकते हैं किंतु हमारे पौराणिक ग्रंथ इनके बारे में क्या कहते हैं इन्हें तनिक भी भान नहीं होता क्योंकि हम पुस्तकों से दूर होते जा रहे हैं ।  घरों में श्रीरामचरितमानस अवश्य उपस्थित रहता हैं किंतु उसकी उपस्थिति केवल भौतिक रूप से ही होती है । 

ज्ञान का न होना लज्जा की बात नहीं है । लेकिन अधकचरा ज्ञान केवल स्वयं के लिये ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र के लिये आत्मघाती होता है । इसका सबसे निराशाजनक पहलू यह है कि यदि संस्कृति से सम्बंधित परिचर्चा हो रही हो तो वहां या तो ऐसे विद्वान उपस्थित होते हैं जिन्होंने संस्कृति को अंतरमन में आत्मसात किया है या ऐसी जनता है जिनमें साक्षरता अत्यंत कम है ।  बुद्धिजीवी वर्ग ऐसे स्थानों पर या तो नहीं जाते या केवल उपस्थिति दर्ज कराने हेतु कुछ समय के लिये दिखाई दे जाते हैं ।

सूरसागर के अनुसार गोपियां ज्ञानी नहीं थीं अतः बिना अपनी बुद्धि का प्रयोग किये श्रीकृष्ण की भक्ति को ही जीवन का आधार मानती थीं उन्हें उधव के ज्ञान में भले ही रुचि नहीं थी किंतु उनका सम्मान किया किंतु अपना आधार श्रीकृष्ण को ही माना । यह सार्थकता की ओर की गति थी ।  किंतु आज राजनीति की गलाकाट प्रतियोगिता ने इतने भ्रम पैदा किये हैं कि देश में अराजकता धीरे धीरे पांव पसार रही है ।  जो जनता भोली भाली है उसे बहला फुसला कर अपने स्वार्थ के लिये उपयोग करते हैं और जनता श्रीकृष्ण की तरह उनपर भरोसा कर लेती है जबकि उनमें कृष्ण का चरित्र लेशमात्र भी नहीं है ।  इस प्रकार राजनैतिक समीकरण बदल जाते हैं और बुद्धिजीवी वर्ग केवल सही-ग़लत की चर्चा में ही उलझकर रह जाता है ।

- दीपक श्रीवास्तव

Wednesday, April 4, 2018

--- राम राम भाई साहब ! ! ---



आज बाज़ार से लौटकर घर आ रहा था तभी पीछे से एक बहुत पुरानी जानी पहचानी सी आवाज़ सुनाई पड़ी - राम राम भाई साहब! !  मैं चौंक गया क्योंकि इस प्रकार की मिठास ली हुई राम राम अरसे बाद सुन रहा था ।  आवाज एक मुस्लिम नाई की थी जिसके सैलून में मैं अपने प्रारम्भिक संघर्ष दिनों में जाया करता था ।  दुआ सलाम के साथ साथ उसने यह भी बताया कि वह मेरे गाये हुए भजनों को भी सुनता है तथा अपने परिवार को भी उनसे जोड़कर रखता है । 

राम के नाम पर हिंसा, गाली गलौच, या अन्य कुकृत्य करने वालों से पूछना चाहता हूं कि क्या कभी राम को समझने की कोशिश भी की है या बस किसी ने भड़काया और सस्ती लोकप्रियता के चक्कर में दूसरों को कोसना शुरू कर दिया चाहे वह जाति के नाम पर हो या धर्म के नाम पर ।

गंदी और ओछी राजनीति का अंत अब बहुत जरूरी है क्योंकि अब हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं ।  कभी वायु प्रदूषण, कभी जल प्रदूषण तो कभी मानसिक प्रदूषण ।  क्या यही जीवन हमारे और हमारे बच्चों के भाग्य में है । बोतलों का पानी पियो, मास्क लगाकर बाहर निकलो और कुछ भी बोलने पर जान का खतरा ।  क्या स्वस्थ और सुसंस्कृत समाज की रचना हमारे द्वारा हो रही है ।  शायद हमें ऐसे ही जीने की आदत पड़ती जा रही है ।

- दीपक श्रीवास्तव

Sunday, April 1, 2018

--- ज्ञान भाषा एवं अभिव्यक्ति ---

भाषा सिर्फ माध्यम है । वहीं ज्ञान का स्थान बहुत उच्च है ।  ज्ञान का विलोम अज्ञान है ।  पाठ्य पुस्तकों में उपलब्ध जानकारियां अभ्यास द्वारा साधी जा सकती हैं किंतु वह विद्या है ज्ञान नहीं ।  भारतीय वेदांत में इसावास्योपनिषद के अनुसार विद्या के विपरीत अविद्या तत्व है ।  ज्ञान अनुभव की चीज है ।  उसकी अभिव्यक्ति हेतु विभिन्न माध्यम हो सकते है जिनमें भाषा भी है लिपि भी है, श्रव्य भी है, द्रश्य भी है, मौन भी है, विरोध भी है, सहयोग भी है, रंजना भी है, अभिव्यंजना भी है ।

जो हमारी प्रमुख भाषा है हमारा मस्तिष्क भी उसी को जानता समझता है अतः अभिव्यक्ति सहज हो जाती है किंतु किसी अन्य भाषा में की जाने वाली अभिव्यक्ति हेतु भले ही जबान सहज हो किंतु मस्तिष्क को उसे ग्रहण करने के लिये अपनी मूल भाषा में अनुवाद करना पड़ता है फिर उसका उत्तर देता है तत्पश्चात मस्तिष्क उसे सम्वादित भाषा में अनुवाद करता है तब जाकर हम अपने कंठ से उस भाषा में बात कर पाते हैं ।  यही कारण है कि अन्य किसी भी भाषा में हमारी सहजता प्रभावित होती है चाहे हमारे लिये अंग्रेजी या अमेरिकी अथवा अन्य किसी भी देश के नागरिकों के लिये हिन्दी ।

- दीपक श्रीवास्तव 

Tuesday, March 27, 2018

----शिवोहम----

आंखें आन्तरिक सुन्दरता देखने में सक्षम हैं क्योंकि व्यक्ति को तीन नेत्रों का वरदान प्राप्त है ।  शिव के त्रिनेत्र का भी यही स्वरूप है ।  तब तक पूर्णता नहीं है जब तक केवल बाह्य अथवा आंतरिक नेत्र खुले हैं ।  जब तक बाहर की दो आँखें बंद है तब तक भौतिकता का सुख नहीं और जब तक आंतरिक नेत्र बंद हैं तब तक शांति नहीं ।  इन दोनों का सन्तुलन ही आनंद है ।

सर्वजगत शिवरूप ही है ।  त्रिनेत्र, त्रिशूल, त्रिलोक उन्ही के हैं । 
शिवोहम का भाव मनुष्य को प्रत्येक विकार, सुख दुख , राग अनुराग इत्यादि से मुक्त करके उसकी आंतरिक सत्ता को स्वयं से जोड़ता है ।


-दीपक श्रीवास्तव

Saturday, March 24, 2018

तुम ही सब कुछ हो

बिना तुम्हारे कण न डोले ।
कंठ मेरे, पर तू ही बोले ॥
ज्ञान तुम्ही, तुम ही स्वर मेरे ।
हम तो केवल करते फेरे ॥

- दीपक श्रीवास्तव

Monday, March 12, 2018

-- अभिव्यक्ति की भाषा --

भले ही लिपियों में बद्ध भाषा अभिव्यक्ति की सशक्त माध्यम है किन्तु उसमे भी अधूरापन है ।  मौन की भाषा, एक हृदय से निकलकर दूसरे हृदय को तरंगायित कर सकने में सक्षम संगीत की भाषा, प्रकृति की भाषा, हमारे मन के अक्षरों को अपनी नन्ही आँखों से पढ़कर उसका उत्तर देती नन्हे शिशु की आत्मा की भाषा इन सबसे परे है । इन्ही का अनुभव करके  व्यक्ति जीवंत एवम् चेतन हो सकता है तथा स्वयं को पहचानने की प्रक्रिया प्रारंभ करता है ।

-दीपक श्रीवास्तव

Saturday, March 10, 2018

-- नारी: मर्यादा या स्वतंत्रता --


नारी किसी भी घर परिवार की ऐसी महत्वपूर्ण कड़ी है जिसमे नैसर्गिक रूप से मर्यादायें एवं संस्कृति तथा सभ्यता समाहित होती है । यदि घर की मान मर्यादा की बात भर भी हो तो मस्तिष्क में उभरने वाला प्रथम दृश्य ही घर की बहू-बेटियों का ही आता है जो सीधे सीधे इस ओर संकेत करता है कन्या घर की संस्कृति है, घर की परम्परा है, घर की पहचान है । वही पुरुष घर का आवरण है। जहाँ नारी मर्यादा है वही पुरुष स्वतंत्रता का प्रतीक है । मर्यादा तथा स्वतंत्रता के मध्य सन्तुलन ही एक सुन्दर एवम् प्रगतिशील समाज की रचना करने में सक्षम है ।
यदि हम विष्णु तथा शिव के स्वरूप को देखें तो वहाँ भी हमें यही संतुलन दिखाई देता है ।  विष्णु जहां मर्यादा के मापदंड स्थापित करते हैं वही शिव का शाश्वत स्वरूप उन्ही मापदंडों का उपहास करते दिखाई देते हैं । क्योंकि मर्यादायें परिस्थितियों की आवश्यकता के अनुसार निर्मित होती है ।  समय के साथ इनमें परिवर्तन आवश्यक होता है ।  समय की गति के साथ जब परम्परायें रूढ़ियां बनने लगें तब उनका विध्वंस आवश्यक हो जाता है । यही सन्तुलन की परकाष्ठा है ।
युगों युगों से समाज की रचना इसी सन्तुलन पर आधारित रही है । समय एवं परिस्थितियों के आधार पर नारी ने अपने कार्यक्षेत्र में परिवर्तन किया है तथा समाज की रक्षा की है चाहे वह शिक्षा के क्षेत्र में हो या युद्ध के क्षेत्र में, हर जगह उसने मर्यादा के नये मापदंड स्थापित किये हैं परन्तु दुर्भाग्य वश इनमें से कुछ परम्परायें रूढ़ियां बनी जिसके ध्वंस के लिये पुरुषों को आना पड़ा । 
नारी को ईश्वर ने ऐसा सुन्दर उपहार दिया है जिससे वह प्रत्येक स्थान पर सम्-विषम प्रकृति के लोगों को भी आसानी से स्वीकार कर पाती है तथा उनके मध्य भी सन्तुलन स्थापित करने में सक्षम है । यही कारण है कि नारी दो परिवारों को जोड़ने का कार्य अत्यन्त सफ़लता एवम् सहजता से कर लेती है ।  यही कारण है कि नारी हर युग में पूजित रही है, पूजित है तथा पूजित रहेगी ।  जो भी शक्ति इस सत्य को अस्वीकार करती है या उपहास करती है उसे नष्ट होने से विश्व की कोई भी शक्ति नही रोक सकती ।

-दीपक श्रीवास्तव 

Thursday, March 8, 2018

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष

---अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष ---

कुछ बातें बड़ी प्रचलित हैं जैसे समानता का अधिकार, पुरुषवादी विचारधारा, महिला दिवस इत्यादि इत्यादि ....

जब ईश्वर ने सृष्टि की रचना करते समय मनुष्य समेत अन्य जीवों के भी दो प्रमुख स्वरूपों में कोई भेद नही किया तो हमने आज के युग में इतना भेद कैसे उत्पन्न कर दिया ? 

यदि हम कहते हैं - समानता का अधिकार - इसी में परोक्ष रूप से हम मान लेते हैं कि कही कोई असमानता है जो वास्तव में है नही लेकिन यह हमारी छोटी एवम् कुंठित सोच को प्रदर्शित तो कर ही देता है ।  आज महिला दिवस मनाने की जरूरत क्यों पड़ रही है - क्योंकि हमने समाज, परिवार तथा देश की इस महत्वपूर्ण नींव को कमजोर मान लिया है तथा उसे सहारा देने, आगे बढ़ाने, सशक्तीकरण या समानता का अधिकार जैसे चमत्कारी शब्दों के माध्यम से अपनी मानसिक बीमारी को छिपाने प्रयास किया है।

नारी कमजोर नही है-कमजोर है हमारी सोच, बीमार है मानसिकता, भ्रष्ट है हमारा विवेक, भ्रमित है हमारा समाज ।  नारी के सम्मान की रक्षा से अधिक आज की जरूरत स्वयं के सम्मान की । जब व्यक्ति स्वयं का समुचित सम्मान करना सीख लेता है जिसमे शरीर, मन तथा आत्मा सबका सम्मान समाहित हो तो उसकी बुद्धि किसी भी परिस्थिति में विकृत नही हो सकती ।  ऐसी स्थिति में नारी, शिशु अथवा किसी भी अन्य सामजिक अंग के लिये अलग से किसी अधिकार अथवा देखरेख की आवश्यकता नही होगी तथा सामाजिक एवम् ढांचा भी सशक्त एवम् अखण्ड होगा । 

अतः अंत में यही कहूंगा कि पुरुष तथा स्त्री दोनों ही विशिष्ट हैं अतः दोनों को मिलकर ही सामाजिक एवम् पारिवारिक आधार को सबल बनाना है ।

- दीपक श्रीवास्तव 

Tuesday, August 1, 2017

------शिव-विष्णु: सामाजिक मर्यादा-स्वातंत्र्य का सन्तुलन------

हमें अक्सर समाज में अनेक विरोधाभास दिखाई देते हैं | समान परम्पराओं को मानने वालों में भी सोच की भिन्नताएं | एक वर्ग सामाजिक परम्पराओं को जीवन का आधार मान लेता है, वहीँ दूसरा वर्ग इसे रूढ़िवादिता का स्वरुप मानते हुए सर्वथा अस्वीकार करता है तथा स्वतन्त्रता हेतु संघर्ष करता दिखाई देता है | किन्तु दोनों एक ही समाज के अभिन्न अंग हैं |
यही विरोधाभास भगवान विष्णु तथा शिव के स्वरुप एवं उनके क्रियाकलापों में दिखाई देता है | दोनों का वर्ण विपरीत है – एक श्याम है तो दूसरा गौर | एक सुन्दर वस्त्रों एवं आभूषणों से सुसज्जित है तो दूसरा वस्त्रों का विग्रह स्वीकार करता है | एक सामाजिक मर्यादाओं के मापदंड स्थापित करता है तो दूसरा अपने प्रत्येक क्रियाकलाप में इन मर्यादाओं का उपहास करता है | एक सामाजिक संरचना एवं नियमों को स्थापित करता है तो दूसरा इसके विपरीत स्वतन्त्रता का पक्षधर है | परन्तु दोनों तत्व एक ही ईश्वर के दो रूपों को प्रतिविम्बित करते हैं | दोनों स्वरुप एक दूसरे के पूरक तथा सर्वथा अभिन्न हैं | इन दोनों के बीच का सन्तुलन ही एक सुस्पष्ट, संस्कारी तथा प्रगतिशील समाज की रचना करने में सक्षम है |
सामाजिक संरचना में नियंत्रण के साथ-साथ स्वतन्त्रता की अभिव्यक्ति भी आवश्यक है अन्यथा उनका पालन करते करते परम्पराएं रूढ़ियाँ बन जाती हैं और समाज इनमे दम तोड़ने लगता है | स्वतंत्रता एवं नियंत्रण परस्पर विरोधी भले ही लगती हों लेकिन दोनो ही एक दूसरे से सर्वथा अभिन्न हैं | स्वतन्त्रता का अधिकार व्यक्ति का सहज स्वभाव है, किन्तु प्रत्येक व्यक्ति अपने आप में पूर्ण स्वतंत्र होते हुए भी सामाजिक संरचना का अभिन्न अंग है अतः समाज के संरक्षण हेतु व्यक्तियों की स्वतंत्रता पर नियंत्रण भी अति-आवश्यक है | नियंत्रण भी ऐसा हो कि मर्यादाओं के बन्धन में दम न टूटे | यहीं से सन्तुलन की प्रक्रिया आरम्भ होती है | जहाँ विष्णु मर्यादा के संरक्षक हैं वहीँ शिव स्वतन्त्रता के प्रतीक |
शिव समता के मूलक के रूप में दिखाई देते हैं | असुरों तथा देवताओं पर उनकी समान रूप से कृपादृष्टि दिखाई देती है वहीँ विष्णु देवताओं का पक्ष लेते दिखाई देते हैं | देवता आध्यात्मिक तो असुर भौतिक वृत्तियों के प्रतीक हैं | यही कारण है कि असुर भोग की ओर आकर्षित होते हैं | प्रत्येक भोगवादी व्यक्ति स्वेच्छाचार की छूट चाहता है और शिव के वाह्य स्वरुप को न समझ पाने के कारण शिव के स्वरुप को स्वतन्त्रता का पर्यायवाची मानने लगता है | यही कारण है कि शिव का स्वरुप समझे बिना अपने स्वयं के भ्रान्त धारणाओं के आधार पर उसके अन्दर शिव के प्रति सहज आकर्षण जागता है | बदलती जीवन शैली एवं सभ्यता के मशीनीकरण द्वारा संचालित होने के कारण अपने आप को इतना बंधा हुआ महसूस करता है कि भगवान् शिव का नग्न स्वरुप एवं उनके साथ जुड़े मादक पदार्थ उसे अपने जीवन के लिए स्वतन्त्रता का बोध कराने लगता है |
बाहरी रूप से मर्यादा के विरुद्ध दिखाई देना वाला शिव-स्वरुप उनके अनंत स्वरुप का परिचायक है | जब परम्पराएं एवं रूढ़ियाँ समाज की प्रगति की दिशा में अवरोध उत्पन्न करने लगें तो उनका विध्वंस आवश्यक हो जाता हैं | मर्यादाओं का निर्माण परिस्थितियों पर आधारित होता है अतः परिस्थितियों के परिवर्तन के आधार पर इनमे परिवर्तन भी आवश्यक है | मर्यादा के नाम पर जब समाज सत्य से भटकने लगता है, दिखावे को ही सत्य समझने लगता है तब शिव का शाश्वत स्वरुप उनका उपहास करता दिखाई देता है | उनकी नग्नता उनके अन्तर तथा वाह्य स्वरुप के बीच की समता को स्पष्ट करती है | जिन्हें इनमे मर्यादा का अभाव दिखता है वे वास्तविकता से दूर अपनी वासना को आवरण में ढके रखने का दुष्प्रचार कर रहे होते हैं | शिव स्वरुप में कोई भोग कामना नहीं है जिसे छिपाने हेतु आवरण की आवश्यकता हो | अतः प्रत्येक नग्न व्यक्ति शिव उपासक है यह आवश्यक नहीं | वहीँ सामाजिक लोक व्यवहार में आवरण एवं मर्यादाएं व्यक्ति को सुरक्षा तथा प्रगतिगामी दृष्टि देती हैं | यही विष्णु का स्वरुप है |
शिव और विष्णु वस्तुतः एक ही समाज के दो भिन्न पक्ष हैं जो एक दूसरे के पूरक हैं |


--दीपक श्रीवास्तव 

Monday, July 31, 2017

-------- बढ़ते कदम, घटते एहसास --------

प्रगतिशीलता की अंधी दौड़ में खोते हुए न जाने कितने एहसासों को दम तोड़ते हुए देखा है | नहीं-नहीं, मेरे कथन का यह तात्पर्य बिलकुल नहीं है कि प्रगतिशील सोच गलत है किन्तु प्रगति की दिशा एकमुखी की बजाय चहुंमुखी हो तभी वह समाज के लिए अधिक फलदायी हो सकती है | यदि एक व्यक्ति पहलवान बनना चाहे तो उसे खान-पान के साथ शरीर की सभी मांसपेशियों तथा मन को भी उतना ही ताकतवर बनाना पड़ता है तथा उसे अपने लक्ष्य तक पहुँचने में सफलता प्राप्त होती है |
पश्चिम की नक़ल करते करते हम अपने सांस्कृतिक मूल्यों को भी उसी चश्मे से देखने लगते हैं | मेरा विचार इस जगह पर पश्चिम की आलोचना भी नहीं है – कुछ समय पूर्व मैंने लिखा था कि सनातन सभ्यता यदि आत्मा है तो पश्चिमी सभ्यता शरीर है | दोनों के तालमेल से ही जीवन सुचारू रूप से चल सकता है अतः भौतिक आवश्यकताओं के लिए यदि हमें पश्चिम की ओर देखना पड़ता है तो पश्चिमी देशों को आध्यात्मिक उन्नति के लिए केवल सनातन संस्कृति का सहारा है | दोनों एक दूसरे के बिना अधूरे हैं लेकिन इस अन्तर को समझने के लिए आँखों से नकली चश्मे का उतारना आवश्यक है |
कहीं एक कवि सम्मेलन में एक हास्य कवि को कहते सुना था कि पति के प्रतीक के रूप में ईश्वर के स्थान अर्थात महिलाओं के माथे पर सजने वाली बिन्दी सरकते सरकते आँखों के बीच आ गयी, सही भी है, ईश्वर के प्रति आस्था के मापदंडों को कुछ दशकों से लगातार बदलते हुए देखा है | पति आजकल सजाने की बजाय हमेशा निगरानी की वस्तु हो गया अतः उसकी नई जगह बदलते समाज के अनुरूप ही है | एक अच्छा पति पाने के लिए न जाने कितने सोमवार शिवजी का व्रत करती हैं, और विवाह के पश्चात यह सिलसिला और भी बढ़ जाता है जो न जाने कितने प्रकार व्रतों में तब्दील होता है | सोमवार व्रत के अतिरिक्त तीज, करवा चौथ और न जाने कितनी तपस्याएँ शामिल हैं | इससे भी आगे बढ़कर अब दूसरे स्थानों की परम्पराओं को अपनाने में भी तनिक भी देर नहीं होती | कुछ महिलाओं इस मामले में बड़ी सुस्पष्ट सोच की भी होती हैं उनके लिए व्रत का कारण पति हेतु मंगलकामना से कहीं अधिक डाइटिंग प्रभावी रहता है ताकि बढ़ता मोटापा कहीं दूसरों के आगे उनकी वास्तविक आयु न स्पष्ट कर दे|
बीस वर्ष पहले जहाँ तक मुझे याद है, मैंने बहुत कम ही घरों के लोगों को एक वक्त के भोजन के लिए होटलों के चक्कर काटते देखा था | चाहे जितना बड़ा परिवार हो, सभी रोटी एक चूल्हे पर बनती थी, भोजन में प्यार परोसा जाता था | ऐसा सुस्वादु भोजन और घर की बहुएं एक बार भी उफ़ तक नहीं करती थी | यही कर्मण्यता उन्हें एवं उनके परिवारों के लिए उत्तम स्वास्थ्य के साथ साथ स्वस्थ मस्तिष्क भी प्रदान करती है, लेकिन बीते वर्षों में कुछ ऐसा हो गया कि होटलों की संख्या भी कम पड़ने लगी | अभी कुछ दिन पूर्व ऐसे ही एक होटल में जाने का सौभाग्य मिला जहाँ हम वेटिंग में थे, हमारा नम्बर था 56 तथा बुकिंग के समय 39वे नम्बर का ग्राहक अन्दर गया था | अक्सर घरों में यह सुनने को भी मिल जाता है कि खाना बनाना मेरे बस का नहीं है कोई नौकरानी ले आओ जबकि अब तो परिवार भी अत्यन्त संकुचित हो गए हैं |
फिर प्रश्न खड़ा होता है कि किन मापदंडों को लेकर हम अपने परिवारों के मूल्यों की नींव रख रहे हैं एवं अपने बच्चों के लिए किस प्रकार के समाज की रचना कर रहे हैं | हम तो फिर भी भाग्यशाली हैं कि बीते दौर के नैतिक मूल्यों तथा एहसासों को करीब से महसूस किया है | चिंता इस बात की है हमारी आगे की पीढ़ी अपने आगे की पीढ़ी को क्या दिशा निर्देश प्रस्तुत करेगी | आज कुछ नहीं तो भी हम अपने व्रत-त्योहारों को अपने जीवन से सीधे सीधे जोड़कर देख पाते हैं, लेकिन क्या आने वाली पीढ़ी केवल इन्हें एक कर्मकांड के रूप में ही देख पाएगी?


--दीपक श्रीवास्तव

Thursday, July 27, 2017

-------- श्रीराम शिशुलीला --------


सारे जग के पालनहारा,
पैरन मे पैजनिया डारा ।
उठत गिरत अरु किलकि किलकि कर,
ठुमक ठुमक मोहें जग सारा ॥

माँ की गोदी रहे लुकाई,
इधर उधर ढूंढे सब भाई ।
धूरि धूरि भये भुइयां लोटे ,
लीला प्रभु की अपरम्पारा ॥1॥

दशरथ तो आनन्द मगन हैं ,
राम धरा राम ही गगन हैं ।
सुत रूठे गोदी ना आये ।
बड़े प्यार से तब पुचकारा ॥2॥

शिशुलीला सुख परम अनूपा ,
गायें सुर नर मुनि जन भूपा ।
हरि की महिमा अजब निराली ।
अति आनंदा परम अपारा ॥3॥

-दीपक श्रीवास्तव 

Wednesday, July 26, 2017

श्रीराम अवतार

नाचे झूमे धरती सारी, खुशियाँ भई अपार ।
दशरथ घर गूंजे किलकारी, प्रकटे पालनहार ॥

श्याम सलोना रूप निहारे।
मातायें तन मन सब वारे ।
ऋषि मुनि संत दरस को आये ।
सब खुद को बंधन मे पाये ।
प्रभु अनन्त शिशु रूप धरे, जग देखे बारम्बार ॥1॥

तभी चतुर्भुज रूप दिखाया ।
जिसमें सारा जगत समाया ।
कौशल्या ममता की मारी ।
हाथ जोड़ बोली बेचारी ।
कैसे अपनी ममता वारुं, तुम अनन्त संसार ॥2॥

तब शिशु का लेकर आकार ।
माँ की गोद किये साकार ।
पर माता की याद भुला दी ।
अपनी ही माया फैला दी ।
सुर नर मुनि जन इस चरित्र को गायें बारम्बार ॥3॥

-दीपक श्रीवास्तव 

Friday, July 14, 2017

---------कर्म-लाभ-लोभ--------

कर्म ही केवल हाथ हमारे, सबका जीवन यही सँवारे ।
देखो लोभ न आये मन में, फल तो हरि इच्छा है प्यारे ॥

कैकेयी का नाम क्रिया है ।
जो दशरथ की स्नेह प्रिया है ।
फल का नाम मंथरा दासी ।
कर्म लाभ की जो प्रतिभासी ।
रहे कर्म आगे ही सारे, फल तो हरि इच्छा है प्यारे ॥1॥

अवध प्रेम का अमिट खजाना ।
कर्म प्रमुखता स्वर्ग समाना ।
जब तक हों कैकेयी आगे ।
दुख दारिद्र दूर से भागे ।
प्रेम सभी के जीवन तारे, फल तो हरि इच्छा है प्यारे ॥2॥

जैसे भई मंथरा आगे ।
कर्म लाभ के पीछे भागे ।
लाभ तभी बन जाये लोभ ।
अति फल दृष्टि जगाये क्षोभ ।
चारों ओर जलें अंगारे, फल तो हरि इच्छा है प्यारे ॥3॥

-दीपक श्रीवास्तव 

Wednesday, July 12, 2017

लंका दहन

हे शिवरूप तुझे मैं कैसे, राजमहल ले जाऊं?
पूज्य पिता के पावन गुरुवर, कैसे ध्यान लगाऊं??

लंका का मैं श्रेष्ठ वीर हूँ, पर विचलित थोड़ा अधीर हूँ |
यहाँ न कोई है फलहारी, किसकी है वाटिका हमारी |
इक तो तुम रावणसुत मारे, उसपर कुछ निशिचर संहारे |
पर वध की आज्ञा ना पाई, निश्चित शिव की हो परछाईं |
क्यों ना सर्पों से ही तुमको, श्रृंगारित ले जाऊं ||1||

हनुमत नागों से श्रृंगारित, जब रावण के सम्मुख आये |
सभी सुर-असुर और देवजन, मन में उनको ध्यान लगाए |
कहे दशानन हे त्रिपुरारी, कहाँ रह गईं मातु हमारी |
सारी ममता पूंछ तुम्हारी, अरे यही हैं माता प्यारी |
खुद शिव का श्रृंगार रचाए, क्यों माँ को ऐसे ही लाये |
नहीं-नहीं भोले भंडारी, ये तो न्याय नहीं त्रिपुरारी |
हे माँ ज्योतिस्वरूपा जननी, मैं श्रृंगार कराऊं ||2||

माता का अद्भुत श्रृंगार, बचा न वस्त्र एक भी द्वार |
तभी दशानन ने उर खोले, मन ही मन हनुमत से बोले |
यहाँ राम के चरण पड़ेंगे, सब उनकी ही शरण लगेंगे |
पर पापो की नगरी लंका, दूर करो हम सबकी शंका |
तभी पूंछ में ज्योति जलाई, लपटें आसमान तक छाई |
सत्य कहा जलकर ही सोना, कुन्दन बनता कोना कोना |
क्या मैं भेंट तुम्हे दूं भोले, सब तुमसे ही पाऊं ||३||

--दीपक श्रीवास्तव

Thursday, July 6, 2017

श्रीराम द्वारा शबरी को नवधा भक्ति का सन्देश

नवधा भक्ति सुनो हे माते, जो धारे उत्तम गति पाते ||

प्रथम भक्ति संतों का संग,
दूजी प्रिय हरि कथा प्रसंग |
भक्ति तृतीया गर्व रहित हो,
गुरु सेवा में प्रेम सहित हो |
चौथी छोड़ कपट अभिमान,
हरि गुण वन्दन, हरि गुणगान |
पंचम हरि में दृढ़ विश्वास,
हरि का भजन हरी की आस |
षष्टम भक्ति शील वैराग्य,
धर्म –कर्म से जागे भाग्य |
सप्तम भक्ति रहें समभाव,
हरि से ऊंचा संत स्वभाव |
अष्टम भक्ति लाभ संतोष,
कभी नहीं देखें परदोष |
नवम भक्ति हैं सहज सरलता,
कपटहीन मन बड़ी विरलता |
ऐसे मनुज मुझे अति भाते, जो धारे उत्तम गति पाते ||

--दीपक श्रीवास्तव

भाइयों का प्रेम

इक साधक की सुनो कहानी, झर-झर नयनन बहता पानी ||
परिवारों में जकड़न देखी,
अपनों में ही अकडन देखी |
धन स्त्री औ भूमि चाह में,
हथियारों की पकड़न देखी |
मिले न सच्ची प्रेम निशानी, झर-झर नयनन बहता पानी||1||

पिता वचन को प्रभु घर त्यागे,
मगर भरत उनसे भी आगे |
रघुनायक को राज्य दिलाने,
संग प्रजा ले वन को भागे |
इक त्यागी दूजा बलिदानी, झर-झर नयनन बहता पानी||2||

हर समाज का अपना कल है,
जिसमे वर्तमान का हल है |
फिर भी जाने क्यों मानव का,
दम घुटता, हर पल हर क्षण है |
यही जगत की राम कहानी, झर-झर नयनन बहता पानी|३||

--दीपक श्रीवास्तव

श्री राम केवट संवाद


प्रेम भक्ति की अजब कहानी, गंगा तट पर है मिल जानी|
एक ओर सियराम लखन हैं, एक ओर है बहता पानी||
ये कैसी लीला रघुनन्दन,
दुनिया करती जिनका वन्दन |
जो भवसागर से जग तारें,
वे केवट की राह निहारे|
महिमा जाय न जात बखानी, अधरों पर है मीठी बानी||1||
केवट कहें रुको प्रभु मोरे,
माया भरे चरण हैं तोरे |
पावन यह जीवन तो कर लूं |
चरणों का अमृत तो भर लूं |
ऐसी घड़ी न फिर से ना आनी, नयनों में न नीर समानी||2||
केवट सबको पार उतारे,
अपने तीनों लोक संवारे|
प्रभु तब उन्हें मुद्रिका दीन्हे,
भक्त कहें हम तुमको चीन्हें|
जिनकी महिमा सिन्धु समानी, उन चरणों में जगह बनानी||३||

--दीपक श्रीवास्तव